वायरल ऑडियो में रोजगार सहायक और पूर्व उपसरपंच के रिश्वत लेने की पुष्टि
विदिशा. ग्राम पंचायत सेऊ के वायरल हुए एक ऑडियो की जांच के बाद ग्राम रोजगार सहायक राजकुमार शर्मा और हितग्राही की आवाज और उसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर हुए लेन-देन की पुष्टि हो गई है।
पत्रिका द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशन के बाद ऑडियो की जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि ग्राम रोजगार सहायक शर्मा ने हितग्राही से पांच हजार रुपए खुद और 12 हजार रुपए पूर्व उपसरपंच और वर्तमान पंच राजेश साहू उर्फ रामसेवक साहू द्वारा लिए गए हैं।
जनपद सीइओ द्वारा की गई जांच और कलेक्टर द्वारा मामले की सुनवाई का पूरा मौका दिए जाने के बाद ग्राम रोजगार सहायक सेऊ राजकुमार शर्मा की सेवाएं समाप्त कर सेवा से पृथक कर दिया गया है। गौरतलब है कि हितग्राही और रोजगार सहायक के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसे पत्रिका ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस ऑडियो में रोजगार सहायक राजकुमार शर्मा हितग्राही से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने का एक वीडियो बनाने को कह रहा था। जबकि हितग्राही बार-बार यह कह रहा था कि तुम बहुत परेशान कर रहे हो। पहले मैंने तुम्हें पांच हजार रुपए दिए, 12 हजार रुपए सरपंच साहब (मौजूदा पंच राजेश साहू उर्फ रामसेवक साहू) को दिए। जनपद उपाध्यक्ष नटेरन नीलेश किरार ने अपनी जनपद में हुए इस भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच कराने का ज्ञापन भी सीइओ को दिया था। इस पर सीइओ ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। सीइओ जितेंद्र सिंह धाकरे ने जांच कर अपना प्रतिवेदन कलेक्टर को दिया, इसके आधार पर कलेक्टर ने रोजगार सहायक राजकुमार शर्मा को सेवा से पृथक करने का आदेश दिया।
Comments
Post a Comment